महासमुंद पुलिस का अवैध शराब पर प्रहार, एक माह में 2170 लीटर शराब जब्त।

जिले में अवैध शराब कारोबार पर शिकंजा, छह मामलों में छह आरोपी गिरफ्तार।

महासमुंद | 27 जनवरी 2026 महासमुंद जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में महासमुंद पुलिस ने बीते एक माह में आबकारी एक्ट के तहत 148 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 2170 लीटर अवैध शराब जब्त की है।

अभियान के तहत थाना पिथौरा, खल्लारी, बागबाहरा और सरायपाली क्षेत्र में कुल 6 अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें 128 लीटर अवैध महुआ एवं देशी प्लेन शराब जब्त की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 49 हजार 360 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार थाना पिथौरा में दो प्रकरण, खल्लारी, बागबाहरा और सरायपाली में एक-एक प्रकरण दर्ज किया गया। इन मामलों में कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत विधिवत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से हाथ भट्ठी महुआ शराब, देशी प्लेन शराब के साथ-साथ एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। जब्त संपत्ति में 45 लीटर महुआ शराब, 83.880 लीटर देशी प्लेन शराब और एक पल्सर मोटरसाइकिल शामिल है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। संपूर्ण कार्रवाई महासमुंद जिला पुलिस द्वारा की गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post