नई शिक्षा नीति और ब्लूप्रिंट पर केंद्रित रहा व्याख्याताओं का प्रशिक्षण कार्यक्रम।
सरायपाली। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, शंकर नगर रायपुर के निर्देशानुसार शासकीय हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के व्याख्याताओं का पाँच दिवसीय सेवाकालीन प्रशिक्षण दिनांक 16 दिसंबर से 20 दिसंबर तक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बानीगिरोला में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विकासखंड स्तरीय विषयवार यह प्रशिक्षण ब्लूप्रिंट, प्रश्नपत्र निर्माण एवं शिक्षण शास्त्र पर आधारित रहा। प्रशिक्षण का आयोजन विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री टीकमचंद पटेल, विकासखंड स्रोत समन्वयक श्री देवानंद नायक तथा नोडल प्रशिक्षण प्रभारी श्री भोग सिंह भोई, प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बानीगिरोला के मार्गदर्शन में किया गया।
प्रथम चरण में गणित समूह एवं विज्ञान समूह (भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, गणित) के व्याख्याताओं को प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों से कुल 63 व्याख्याता शामिल हुए। प्रशिक्षण के दौरान विकासखंड शिक्षा अधिकारी सरायपाली श्री टीकमचंद पटेल, श्री सी.एल. पुहूप प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केदूवा तथा प्रशिक्षण प्रभारी श्री भोग सिंह भोई द्वारा आकस्मिक निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षण कार्यक्रम, व्याख्याताओं की उपस्थिति, भोजन व्यवस्था एवं प्रशिक्षण स्थल का बारीकी से अवलोकन कर संतोष व्यक्त किया गया।
प्रशिक्षण में नई शिक्षा नीति 2020, ब्लूम टैक्सनॉमी, ब्लूप्रिंट के आधार पर कक्षा दसवीं एवं बारहवीं के प्रश्नपत्र निर्माण तथा शिक्षण-अधिगम के लिए उपयुक्त वातावरण जैसे विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया। यह प्रशिक्षण BRGS श्री बृजलाल पटेल, श्री डिग्री लाल प्रधान, श्री मनोज कुमार साहू एवं श्री निर्मल प्रधान द्वारा प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर नोडल प्रभारी श्री भोग सिंह भोई ने सभी प्रशिक्षार्थियों से प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान और अनुभव को अपने-अपने विद्यालयों में लागू करने तथा विकासखंड का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत लाने की शुभकामनाएं दीं।

