छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता हेतु महासमुंद टीम का गठन, खिलाड़ियों में उत्साह।
महासमुंद। जिला खो-खो संघ महासमुंद द्वारा दिनांक 23 नवंबर 2025, रविवार को जिला स्तरीय खो-खो चयन ट्रायल का आयोजन स्थानीय मिनी स्टेडियम महासमुंद में किया गया। जिले के विभिन्न विकासखंड—सरायपाली, बागबाहरा, बसना एवं महासमुंद से आए 395 खिलाड़ियों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया। ट्रायल में जूनियर एवं सब-जूनियर बालक-बालिका वर्ग हेतु महासमुंद जिले की टीम का गठन किया गया, जो आगामी दिसंबर माह में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री चंद्रहास चंद्राकर (अध्यक्ष, राज्य बीज विकास निगम छत्तीसगढ़), अध्यक्ष येतराम साहू (जिला अध्यक्ष भारत स्काउट एवं गाइड), विशिष्ट अतिथि बादल मक्कड़ (अध्यक्ष जिला खो-खो संघ), जागेश्वर जुगनू चंद्राकर (सदस्य जिला पंचायत), पंकज चंद्राकर (अध्यक्ष जिला एथलेटिक संघ), आनंद साहू (उपाध्यक्ष स्काउट गाइड), भूमिका ध्रुव (वरिष्ठ समाजसेविका) व अन्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की पूजा-अर्चना कर किया गया।
अतिथियों ने अपने उद्बोधन में खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया।
मुख्य अतिथि चंद्रहास चंद्राकर ने कहा— “खो-खो तंदुरुस्ती, सजगता और जीवटता का खेल है, जो पुनर्जन्म के सिद्धांत को दर्शाता है।”
अध्यक्ष येतराम साहू ने कहा— “खिलाड़ियों की सक्रियता जीवन में भी प्रेरणा देती है।”
जिला खो-खो संघ अध्यक्ष बादल मक्कड़ ने बताया कि जिले में खो-खो खेल के विकास के लिए नई शुरुआत की जा रही है।
बाद में खो-खो मैदान में बजरंगबली जी की पूजा कर एवं रिबन काटकर ट्रायल का विधिवत शुभारंभ किया गया।
द्वितीय सत्र में नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। कार्यक्रम संचालन में जिला संघ के सचिव पुरुषोत्तम ध्रुव, सह सचिव मिथिलेश दीवान, कोषाध्यक्ष हिरेंद्र साहू तथा महिला व जिला कार्यकारिणी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
---
🏆 परिणाम
जूनियर वर्ग – बालक
• प्रथम: बोंदा (सरायपाली)
• द्वितीय: नर्रा (बागबाहरा)
जूनियर वर्ग – बालिका
• प्रथम: मोंगरापाली (बागबाहरा)
• द्वितीय: मुनगाशेर (बागबाहरा)
सब-जूनियर – बालक
• प्रथम: बसना
• द्वितीय: बागबाहरा
सब-जूनियर – बालिका
• प्रथम: खो-खो क्लब महासमुंद
• द्वितीय: मिश्रित टीम महासमुंद

