बसना में अवैध महुआ शराब पर पुलिस का शिकंजा, 120 लीटर शराब के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार।

तीन ठिकानों पर एक साथ दबिश: 20 हजार की अवैध शराब जब्त, आरोपी भेजे गए जेल।


बसना। महासमुंद जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना बसना पुलिस ने 17 सितंबर 2026 को अलग-अलग स्थानों पर तीन कार्रवाई करते हुए कुल 120 लीटर हाथ भट्टी निर्मित देशी महुआ शराब जब्त की। जब्त शराब की कुल कीमत 20 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

पुलिस के अनुसार पहली कार्रवाई बसना के वार्ड नंबर 02 स्थित पानी टंकी के पास की गई। यहां सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बिंदु गहरें को पकड़ा। तलाशी के दौरान नीले रंग के ड्रम में 30 लीटर हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब, जिसकी कीमत करीब 6 हजार रुपये बताई गई, बरामद हुई।

दूसरी कार्रवाई वार्ड नंबर 02 ओवरब्रिज के पास बसना में की गई। पुलिस ने यहां अवैध शराब बिक्री के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहे साधुराम गहरें को घेराबंदी कर पकड़ा। उसके कब्जे से दो 20-20 लीटर की जरकीनों में कुल 40 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। इसकी कीमत करीब 4 हजार रुपये बताई गई।

वहीं तीसरी कार्रवाई चकदरहा नाला के पास तिलकापुर रोड, ग्राम पथरला में की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने शिवकुमार चौहान को पकड़ा। उसके कब्जे से 50 लीटर क्षमता वाले प्लास्टिक ड्रम में 50 लीटर हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई।

गिरफ्तार आरोपी

  1. बिंदु गहरें, पति स्व. कबीर दास, उम्र 40 वर्ष, वार्ड नंबर 02 बसना।
  2. साधुराम गहरें, पिता स्व. हरीराम गहरें, उम्र 55 वर्ष, वार्ड नंबर 02 बसना।
  3. शिवकुमार चौहान, पिता टीकाराम चौहान, उम्र 36 वर्ष, निवासी तिलकापुर, थाना बसना।

पुलिस ने तीनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया। इसके बाद तीनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

कुल जब्ती: 120 लीटर अवैध देशी महुआ शराब, अनुमानित कीमत 20,000 रुपये







Post a Comment

Previous Post Next Post