विश्व हैंडबॉल दिवस पर महासमुंद में खेल उत्साह का उत्सव, फ्लड लाइट ग्राउंड में खिलाड़ियों ने मनाया जश्न।

महासमुंद हैंडबॉल परिवार एक मंच पर जुटा, खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ मनाया विश्व हैंडबॉल दिवस।

महासमुंद। विश्व स्तर पर खेल भावना, टीमवर्क और अनुशासन का प्रतीक माने जाने वाले विश्व हैंडबॉल दिवस के अवसर पर महासमुंद जिला हैंडबॉल संघ द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महासमुंद जिला हैंडबॉल संघ के फ्लड लाइट ग्राउंड में किया गया, जहां पदाधिकारियों, वरिष्ठ खिलाड़ियों एवं युवा खिलाड़ियों ने उत्साह और उमंग के साथ इस विशेष दिवस को मनाया।

कार्यक्रम की शुरुआत केक कटिंग के साथ हुई, जिसमें उपस्थित सभी खिलाड़ियों एवं पदाधिकारियों ने भाग लेकर विश्व हैंडबॉल दिवस की शुभकामनाएं एक-दूसरे को दीं। आयोजन के दौरान खेल के प्रति समर्पण और खिलाड़ियों के बीच एकता का संदेश भी दिया गया।

महासमुंद जिला हैंडबॉल संघ के सचिव सैयद इमरान अली ने बताया कि इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी महासमुंद के जिला उपाध्यक्ष एवं जिला हैंडबॉल संघ के अध्यक्ष श्री प्रदीप चंद्राकर उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर सभी को विश्व हैंडबॉल दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा खेलों में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान महासमुंद जिला हैंडबॉल संघ के सीनियर एवं वरिष्ठ खिलाड़ियों के बीच एक रोमांचक शो मैच भी खेला गया। मुकाबले में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए खेल भावना और टीम समन्वय का परिचय दिया। मैच के समापन पर विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इस आयोजन में खिलाड़ियों और पदाधिकारियों की बड़ी सहभागिता देखने को मिली। कार्यक्रम में विशेष रूप से रूपेश महिलाग, टिकेश्वर साहू, मनीष चंद्राकर, कौनैन अहमद, प्रशांत, विवेक दास, सागर यादव, आदित्य चंद्राकर, सिपेतन रजा, सोनू सोनी, अक्षत स्वामी, लोकेश साहू, मयंक कोसरे, दीपक बंजारे, सिद्धार्थ, पंकज सहित महासमुंद जिला हैंडबॉल संघ के अनेक पदाधिकारी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।

आयोजन के अंत में खिलाड़ियों ने भविष्य में भी इसी उत्साह और समर्पण के साथ खेल को आगे बढ़ाने तथा महासमुंद का नाम राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने का संकल्प लिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post