खाली कैरेट के पीछे छिपाकर हो रही थी करोड़ों की गांजा तस्करी, सिंघोड़ा पुलिस ने हाईवे पर दबोचे दो अंतरराज्यीय तस्कर।

महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 226 किलो गांजा, पिकअप वाहन और मोबाइल समेत 1.22 करोड़ की संपत्ति जब्त।


महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं सिंघोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाए जा रहे 226.600 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की कीमत करीब 1 करोड़ 14 लाख 30 हजार रुपये बताई जा रही है, जबकि परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन और मोबाइल सहित कुल जप्त संपत्ति की कीमत 1 करोड़ 22 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स को सूचना प्राप्त हुई थी कि ओडिशा की ओर से एक सफेद रंग की पिकअप वाहन क्रमांक MH16 CD 8741 में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर छत्तीसगढ़ होते हुए महाराष्ट्र की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही सिंघोड़ा थाना पुलिस और एएनटीएफ टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 स्थित सिल्की ढाबा के सामने ग्राम गनियारीपाली में नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।

कुछ देर बाद संदिग्ध पिकअप वाहन मौके पर पहुंचा, जिसे रोककर तलाशी ली गई। वाहन में चालक समेत दो लोग सवार थे। पूछताछ में चालक ने अपना नाम अजिनाथ आश्रु जाधव (28 वर्ष) निवासी खेडेगांव बाकी थाना खरडा जिला अहमदनगर महाराष्ट्र तथा दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम अक्षय बारूक मोरे (32 वर्ष) निवासी पाटेगांव थाना मेरचगांव जिला अहमदनगर महाराष्ट्र बताया।

तलाशी के दौरान पुलिस को पिकअप वाहन के डाले में रखे खाली कैरेटों के पीछे प्लास्टिक बोरियों में छिपाकर रखा गया 226.600 किलोग्राम गांजा मिला। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे गांजा को बालीगुडा (ओडिशा) क्षेत्र से लेकर महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में खपाने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उनका पूरा प्लान फेल हो गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 करोड़ 14 लाख 30 हजार रुपये कीमत का गांजा, करीब 8 लाख रुपये कीमत की पिकअप वाहन तथा 45 हजार रुपये कीमत के 3 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मामले में आरोपियों के खिलाफ थाना सिंघोड़ा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(B) के तहत अपराध दर्ज कर दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

महासमुंद पुलिस के अनुसार जिले में लगातार मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पिछले चार महीनों में पुलिस ने 83 प्रकरणों में कुल 6016.121 किलोग्राम गांजा जब्त किया है तथा 216 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 54 आरोपी छत्तीसगढ़ के जबकि 162 आरोपी अन्य राज्यों के बताए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स द्वारा अब केवल गांजा पकड़ने तक सीमित न रहकर “सोर्स पॉइंट से डेस्टिनेशन पॉइंट” तक की पूरी चैन और फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन पर भी विशेष फोकस किया जा रहा है, ताकि मादक पदार्थ तस्करी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post