नशे के कारोबार पर महासमुंद पुलिस का बड़ा प्रहार, बसना से बागबाहरा तक लगातार रेड कार्रवाई


महासमुंद पुलिस की ‘जीरो टॉलरेंस’ मुहिम जारी: 43.285 लीटर अवैध शराब जब्त, 04 आरोपी गिरफ्तार।

महासमुंद// जिले में नशे के अवैध कारोबार को जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से महासमुंद पुलिस द्वारा चलाया जा रहा ‘जीरो टॉलरेंस अभियान’ लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध शराब बनाने, बिक्री करने और परिवहन करने वालों के खिलाफ लगातार दबिश दी जा रही है। इसी कड़ी में बसना, महासमुंद, तेंदुकोना और बागबाहरा थाना क्षेत्रों में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 43.285 लीटर अंग्रेजी एवं महुआ शराब जप्त कर 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जप्त शराब की कुल कीमत 12 हजार 750 रुपए आंकी गई है।

महासमुंद पुलिस के अनुसार, अभियान शुरू होने से अब तक 7989.035 लीटर शराब जब्त की जा चुकी है, जिसकी कुल कीमत 22 लाख 29 हजार 505 रुपए बताई गई है। वहीं 628 प्रकरणों में 712 लोगों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि अवैध नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा।



बसना थाना क्षेत्र में 20 लीटर महुआ शराब जब्त

थाना बसना अंतर्गत गधाभाटा नाला के पास मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रेड कार्रवाई की। मौके पर आरोपी कमल साव (36 वर्ष) निवासी ग्राम गधाभाटा बसना अवैध रूप से 20 लीटर महुआ शराब बिक्री के लिए रखे मिला। पुलिस ने लगभग 4 हजार रुपए कीमत की शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया।

महासमुंद शहर में महिला आरोपी गिरफ्तार

थाना महासमुंद क्षेत्र के दलदली रोड नयापारा में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सावित्रीबाई पाटिल (35 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 11 लीटर महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत 2200 रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की।

तेंदुकोना में अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

थाना तेंदुकोना अंतर्गत ग्राम घोघरा में पुलिस ने मुखबिर सूचना पर रेड कार्रवाई कर आरोपी दिलीप निर्मलकर (32 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 10.080 लीटर देसी प्लेन शराब जब्त की गई जिसकी कीमत 4480 रुपए बताई गई है। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

बागबाहरा में अंग्रेजी शराब के साथ युवक पकड़ा गया

थाना बागबाहरा क्षेत्र में फैमिली ढाबा के पास पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी संजू ठाकुर (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 2205 एमएल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत 2070 रुपए आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

महासमुंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी और तेज किया जाएगा। पुलिस आम जनता से भी अपील कर रही है कि अपने आसपास किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post