मुढ़ीपार समाधान शिविर में उमड़ा जनसैलाब, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल बोले— हर आवेदन का होगा गुणवत्तापूर्ण निराकरण।

🟪 मुढ़ीपार समाधान शिविर में पहुंचे खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण पर दिया। जोर।



महासमुंद/पिथौरा। प्रदेशव्यापी सुशासन तिहार के अंतर्गत शुक्रवार को महासमुंद जिले के पिथौरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मुढ़ीपार में आयोजित समाधान शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी देखने को मिली। शिविर में प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर सांसद रूपकुमारी चौधरी एवं बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


शिविर में पहुंचे मंत्री श्री बघेल ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी ली और अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिविर में प्राप्त शिकायतों एवं मांगों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए और लंबित मामलों का समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित हो।

🟪 18 गांवों से उमड़ी भीड़, शासन की योजनाओं के प्रति दिखा उत्साह



मुढ़ीपार समाधान शिविर में 18 ग्राम पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी। ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न विभागों के स्टॉलों में पहुंचकर शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अपनी समस्याओं, मांगों और सुविधाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर में 1600 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनका मौके पर निराकरण प्रारंभ किया गया।

🟪 खाद्य मंत्री बोले— किसानों को खाद की नहीं होगी कमी



शिविर को संबोधित करते हुए मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि राज्य सरकार जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसानों को खेती-किसानी के दौरान किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। उन्होंने किसानों से समय पर खाद उठाव करने की अपील करते हुए कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।

🟪 आंगनबाड़ी केंद्रों की निगरानी पर दिया जोर



मंत्री श्री बघेल ने आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों और महिलाओं को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित औचक निरीक्षण किया जाए तथा पोषण आहार, स्वास्थ्य सुविधाओं और बच्चों के विकास से जुड़ी योजनाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों और महिलाओं को शासन की योजनाओं का पूरा लाभ दिलाना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

🟪 सांसद रूपकुमारी चौधरी ने गिनाईं सरकार की योजनाएं



कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार ग्रामीण क्षेत्रों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।

उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं को खुलकर प्रशासन के सामने रखें तथा शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ लें। सांसद ने महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने तथा युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं से लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

🟪 विधायक डॉ. संपत अग्रवाल बोले— गांव स्तर पर ही हो समस्याओं का समाधान

बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि शासन की मंशा है कि लोगों की समस्याओं का निराकरण गांव स्तर पर ही हो, ताकि आमजन को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर शासन और जनता के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बनकर उभर रहा है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा किसानों, महिलाओं और जरूरतमंद परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।

🟪 हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

शिविर के दौरान कई हितग्राहियों को मौके पर ही शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। इस अवसर पर स्वामित्व पट्टा, ट्राई साइकिल, सुपोषण किट, अन्नप्राशन, गोद भराई कार्यक्रम सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभ वितरित किए गए। विशेष रूप से 04 दिव्यांग हितग्राहियों को ट्राई साइकिल प्रदान की गई।

शिविर में राजस्व, कृषि, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, खाद्य, शिक्षा तथा सामाजिक कल्याण विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई।

इस दौरान कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, जनपद अध्यक्ष ऊषा धृतलहरे, जिला पंचायत सदस्य रामदुलारी सिन्हा, कंवलजीत सिंह छाबड़ा, जनपद उपाध्यक्ष ब्रम्हानंद पटेल, जनपद सदस्य पुरुषोत्तम धृतलहरे, सीताराम सिन्हा, सरपंच सुमित्रा पटेल, सादर राम पटेल, अजय डड़सेना, अजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post