7
सांकरा। थाना क्षेत्र में गौ-तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां 28 बैलों को क्रूरता पूर्वक मारते-हांकते हुए ओडिशा ले जाया जा रहा था। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
गौरतलब है कि ग्राम सपोस निवासी गौ सेवक कमलेश डडसेना को फोन के माध्यम से सूचना मिली कि कुछ लोग बैलों को जंगल रास्ते से कंचनपुर होते हुए ओडिशा की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही गौ सेवक कमलेश डडसेना अपने साथियों दीपक पुरोहित और गुलशन बंछोर , मोहित साहू, गिरधर पटेल , राजा अग्रवाल ,और नीलेश पटेल के साथ मौके पर पहुंचे, जहां कंचनपुर तालाब के पास 8 लोग बैलों को हांकते हुए मिले।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सभी बैलों को ओडिशा के कत्तलखाने ले जा रहे थे। इस दौरान एक सफेद रंग की वेगनार कार ओडी 14 ए 9643 भी बैलों के साथ चल रही थी। ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें रोककर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद थाना सांकरा में FIR दर्ज की गई।
पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें अनिल सतनामी, हेमसागर चौहान, पवन कुमार चौहान, विजय पांडे, बुधराम पटेल, भगत सतनामी, श्रीराम चौहान और सुरेश कुमार शामिल हैं।


