ऑपरेशन ‘निश्चय’ में 912 किलो गांजा बरामद, फर्जी नंबर प्लेट से तस्करी का खुलासा।
महासमुंद।
जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” के तहत महासमुंद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए भारी मात्रा में गांजा जब्त किया है। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं थाना बसना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 912.760 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 56 लाख 38 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक आईशर वाहन (क्रमांक AP 39 TT 4556) के जरिए गांजा की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पलसापाली बैरियर के पास नाकाबंदी कर वाहन को रोका गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने पाया कि वाहन में केले की बोरियों के बीच 29 बोरियों में गांजा छिपाकर रखा गया था, ताकि जांच से बचा जा सके।
सघन जांच में यह भी सामने आया कि तस्कर पुलिस को गुमराह करने के लिए वाहन में फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर रहे थे। मौके से चार फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की गईं।
पुलिस ने आरोपी अब्दुल नईम (42 वर्ष), निवासी पूर्वी सिंहभूम (झारखंड) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
जब्त संपत्ति में गांजा के अलावा परिवहन में प्रयुक्त वाहन (कीमत लगभग 10 लाख रुपये), दो मोबाइल फोन और फर्जी नंबर प्लेट शामिल हैं। कुल जब्त संपत्ति का मूल्य 4 करोड़ 66 लाख 45 हजार रुपये आंका गया है।
पुलिस के अनुसार, यह गांजा ओडिशा से उत्तरप्रदेश ले जाया जा रहा था। समय पर मिली सूचना और सतर्क चेकिंग के कारण इस तस्करी को रोका जा सका।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मुताबिक, पिछले तीन महीनों में जिले में 72 प्रकरणों में 5629.602 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है और 187 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
महासमुंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा, ताकि नशे के कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
