स्वप्निल तिवारी भाजपा जिला प्रवक्ता नियुक्त जिले भर में खुशी की लहर, युवा नेताओं में उत्साह।
महासमुंद – भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति सदस्य स्वप्निल तिवारी को जिला भारतीय जनता पार्टी का प्रवक्ता नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति की खबर मिलते ही जिले भर के भाजपा कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल बन गया। खास तौर पर युवा नेताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन में युवाओं की भूमिका अब और अधिक प्रभावी रूप से दिखाई देगी।
जिला भाजपा अध्यक्ष एतराम साहू द्वारा घोषित नई टीम में पिथौरा के तेजतर्रार भाजयुमो नेता स्वप्निल तिवारी को प्रवक्ता के महत्वपूर्ण दायित्व से नवाज़ा गया है। श्री तिवारी लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वे युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष, युवा मोर्चा जिला कोषाध्यक्ष तथा युवा मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जैसे अनेक दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। सामाजिक और धार्मिक संगठनों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी ने क्षेत्र में उन्हें एक अलग पहचान दिलाई है।
वर्तमान में वे सर्व ब्राह्मण समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष व श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला अध्यक्ष भी हैं।
अपनी नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए श्री तिवारी ने कहा कि “विपक्ष खासकर कांग्रेस प्रचार-प्रसार के माध्यमों पर लगातार भ्रामक सूचनाएँ प्रसारित करती है। ऐसे में संगठन की ओर से प्रभावी जवाब देना आवश्यक है। प्रवक्ता का पद अत्यंत महत्वपूर्ण है और मैं पूरी गंभीरता, निष्ठा और तत्परता के साथ अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करूंगा।”
